भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के छपिया की एक महिला ने मकान खरीद के नाम पर ठगी और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी से न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता हदीसुन के अनुसार, पड़ोसी जलालुद्दीन ने अपना दो कमरों का मकान बेचने की बात कही थी। दोनों पक्षों के बीच 46 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसकी पूरी रकम शिकायतकर्ता द्वारा दे दी गई। इस संबंध में लिखित कागजात भी मौजूद हैं। आरोप है कि पैसा लेने के बाद भी जलालुद्दीन न तो मकान दे रहा है और न ही रकम वापस कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि मामले में पहले भी थाना भिटौली में शिकायत दी गई थी जहां दोनों पक्षों में समझौता हुआ था कि आरोपी पैसा लौटाएगा लेकिन तय समय के बाद भी अभी तक भुगतान नहीं किया गया। पीड़िता का आरोप है कि अब आरोपी आए दिन गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दे रहा है। यहां तक कि घर पर चढ़कर अभद्र व्यवहार करने की घटनाएं भी सामने आई है जिसका वीडियो साक्ष्य पीड़िता के पास मौजूद है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि उक्त मामले में महिला द्वारा तहरीर दी गई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।