नौतनवा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फार्म भरने के दौरान हुई गड़बड़ी का खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। नौतनवा तहसील परिसर में प्रत्येक दिन भीड़ बढ़ रही है। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से नोटिस की सुनवाई के लिए लोग सुबह 8 बजे से ही पहुंच जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को तमाम महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों को लेकर कतारों में खड़ी नजर आईं। जबकि कुछ महिलाएं अधिक समय लगने से थकावट के कारण जमीन पर ही बैठकर अपनी बारी का इंतजार करती रहीं।
बता दें कि एसआईआर प्रपत्र भरने के दौरान जिन मतदाताओं ने 2003 की मतदाता सूची से स्वयं के या अपने माता-पिता के होने की मैपिंग नहीं दर्शाई है, उन्हें साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए नोटिस भेजा गया था। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी हुआ है उनमें 1987 से पहले जन्म लेने वालों को निर्धारित 13 दस्तावेजों की सूची में से कोई एक दस्तावेज लाना है। इसी तरह 1987 से 2003 के बीच जन्मे मतदाता को अपना व पिता का एक-एक दस्तावेज और 2003 के बाद जन्म लेने वाले मतदाताओं को अपना एवं माता और पिता तीनों का एक-एक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है।