सदर सीएचसी पर पोलियो अभियान को लेकर डिप्टी सीएमओ ने की समीक्षा
महराजगंज। पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने पोलियो सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि पोलियो की खुराक से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए और प्रत्येक टीम हर घर तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करे।
बैठक में बताया गया कि सदर ब्लॉक में पोलियो अभियान के लिए कुल 82 टीमें और 23 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी सुपरवाइजर प्रतिदिन अपनी-अपनी टीमों से रिपोर्ट एकत्रित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जमा करते हैं। इसके बाद अधिकारियों द्वारा सभी रिपोर्टों की समीक्षा की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा पोलियो की दवा पीने से छूट न जाए।
समीक्षा के दौरान टीमों के प्रदर्शन, घर-घर पहुंच, छूटे हुए बच्चों की स्थिति तथा अभियान की गुणवत्ता पर चर्चा की गई। सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा दवा पीने से रह गया है तो उसे चिन्हित कर तत्काल पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन की रिपोर्ट गूगल शीट पर ऑनलाइन दर्ज की जा रही है, जिससे अभियान की लगातार निगरानी की जा सके। अब तक अभियान के तीन दिनों का कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।
बैठक में बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह सहित सुपरवाइजर आशुतोष कुमार, पुष्पा , रागिनी यादव, सावित्री चौधरी, बिंदु यादव, स्नेहलता, प्रतिमा पटेल, मानवेंद्र वरुण, मनोरमा पटेल, बृजनन्दनी एवं फुलवासी देवी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।