पैंतालिस अभियंता करेंगे 1178 सड़कों की जांच
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। गड्ढामुक्त होने के बाद अब शासन के निर्देश पर जिले की 1178 सड़कों की जांच कराने की तैयारी है। सड़कें वास्तव में गड्ढामुक्त हुईं अथवा नहीं, इसकी जांच के लिए 45 अभियंता लगाए जाएंगे। जो 26 जून से 6 जुलाई तक जांच कार्य पूरा करेंगे। सड़कों की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय तथा निर्माण खंड के अभियंता लगाए गए हैं।
वैसे तो जिले में लोक निर्माण विभाग की करीब 3200 किमी. सड़कें हैं। जिनमें से कुछ सड़कें गड्ढामुक्त करा दी गई हैं जबकि कुछ सड़कों पर कार्य चल रहा है। करीब 50 सड़कें मरम्मत के इंतजार में हैं। जो सड़कें गड्ढामुक्त हो चुकी हैं, उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं तो कुछ सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के काम में देर होने की भी शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। ऐसे में शासन ने जिले में निर्माणाधीन तथा गड्ढामुक्त सड़कों की गुणवत्ता परखने के साथ-साथ सड़कों के निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए समय सीमा पर भी रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। जो सड़क गड्ढामुक्त हो गई हैं उनकी गुणवत्ता कैसी है तथा जो सड़क निर्माणाधीन हैं, उसकी समय सीमा केे साथ साथ गुुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। जांच की विस्तृत रिपोर्ट भी शासन में भेजी जाएगी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की 555 सड़कों की जांच लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के कुल 24 अभियंता करेंगे, जबकि लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड की की 623 सड़कों की जांच प्रांतीय खंड के 21 अभियंता करेंगे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर निर्माण खंड की सड़कों की जांच प्रांतीय खंड और प्रांतीय खंड के कार्यों की जांच निर्माण खंड के अभियंता करेंगे। इसके लिए निर्माण खंड के एक अधिशासी अभियंता के अलावा पांच सहायक व 18 अवर अभियंता तथा प्रांतीय खंड के एक अधिशासी के अलावा चार सहायक व 16 अवर अभियंता लगाए गए हैं। जांच कार्य 26 जून से शुरू होकर 6 जुलाई तक चलेगा।