महराजगंज। छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने नगर तिराहा से हनुमानगढ़ी तक पैदल गश्त कर व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। साथ ही पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआईजी और एसपी ने कोतवाली क्षेत्र के बलिया नाला स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।