नगर पालिका परिषद के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नगर पालिका परिषद में कूड़ा अभी भी बिखरा पड़ा है। नगर पालिका के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। 28 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी विनियमित करने की मांग कर रहे है। वहीं विभाग की ओर से इस मामले में रुचि न लिए जाने से कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। आंदोलन पर डटे कर्मचारियों का कहना है कि ईओ की लापरवाही के चलते कर्मचारियों की सेवा विनियमित नहीं हुई। वहीं ईओ ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि समस्या के समाधान के लिए चयन कमेटी गठित करने की तैयारी की जा रही है।
नगर पालिका परिषद के स्वायत्त शासन कर्मचारी संघ के महामंत्री राजेश कुमार रावत ने कहा कि लगातार विभाग से विनियमित करने की मांग की जा रही है। लेकिन विभाग के अधिकारी कागज के दाव पेंच में फंसा कर उलझा देते हैं। पिछले कई दिनों से नगर पालिका ईओ से भी विनियमितीकरण को लेकर वार्ता की गई। लेकिन समस्या का समाधान न होने से यह हड़ताल की गई है।
जब तक विभाग नियमित नहीं करेगा यह हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारी मोहन ने कहा कि इस बार तो समस्या का समाधान होने के बाद ही यह आंदोलन समाप्त किया जाएगा। मुंशी ने कहा कि लगातार विभाग के चक्कर लगाकर सभी कर्मचारी परेशान हो गए हैं। इस दौरान संघ के अध्यक्ष चंद्रिका, उमाशंकर, किशोर, महेंद्र, नियाज, सहित तमाम दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी मौजूद रहे।