निचलौल। त्योहारों की छुट्टियों में कटौती और बकाया वेतन के भुगतान में देरी से नाराज गड़ौरा चीनी मिल के कर्मचारियों ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने मिल गेट पर प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। इस मौके पर पूरे दिन कार्य बहिष्कार कर प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई।
यूनियन अध्यक्ष डॉ. नवल किशोर मिश्रा ने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन की ओर से त्योहारों पर मिलने वाली छुट्टियों में जबरन कटौती की जा रही है। छुट्टी के दिनों को भी कार्य दिवस दर्शाकर कर्मचारियों के वेतन से कटौती की जा रही है। इसके अलावा कर्मचारियों का वेतन भी बकाया है। शासन के निर्देश के बावजूद समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। चेतावनी दी कि छुट्टियों के दौरान कार्य दिवस दिखाकर काटे गए वेतन का भुगतान और बकाया वेतन की समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो यूनियन की ओर से मिल परिसर में धरना दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान उपाध्यक्ष शारदानंद यादव, महामंत्री कमल यादव, गजानंद मिश्रा, संजय मिश्रा, कमलेश शर्मा, नरेश राय, मोहन यादव और अवधेश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।