महराजगंज। पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा ने की। इस दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें प्रत्येक थाने से आए दो-दो पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। पूर्व में उठाई गई समस्याओं के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष मामलों में त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन अपने अधीनस्थों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय दंड संहिता व बीएनएस के अंतर्गत दर्ज अपराधों, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित अपराधों तथा निरोधात्मक कार्रवाई की मासिक समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अपराधों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।