मध्यस्थता के आधार पर वादों के निस्तारण पर जोर
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जनपद न्यायाधीश के निर्देश के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से बुधवार को तहसील सभागार में मध्यस्थता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इससे अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण मध्यस्थता के आधार पर कराने पर जोर दिया।
जागरूकता शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शीलवंत ने कहा कि मध्यस्थता एवं सुलह समझौते के अंतर्गत छोटे-मोटे विवादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर कराया जाता है। इसके लिए आठ मध्यस्थ अधिवक्तागण पूर्ण रूप से अनुभवी एवं प्रशिक्षित हैं तो मध्यस्थता केंद्र में कार्यरत हैं। जिनके द्वारा जटिल से जटिल मुकदमों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया जाता है। सदर तहसीलदार राजेश कुमार ने कहा कि हम सभी जमीन से जुड़े हैं, अक्सर देखा जाता है कि छोटे-छोटे मामलों के निस्तारण में कई साल लग जाते हैं। सुलह समझौते से मामलों को निस्तारित करने पर जोर देना होगा। नायब तहसीलदार सुनील कुमार, अधिवक्ता स्वामीनाथ तिवारी ने भी अपना विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता मेहताब खां ने किया। इस अवसर पर राजस्व कर्मी भी मौजूद रहे।