महराजगंज। चेक बाउंस से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद न्यायालय में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत परक्राम्य लिखत अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
विज्ञापन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार नागर ने जनपद के वादकारियों से अपील की है कि चेक बाउंस से संबंधित उनके मामले न्यायालय में लंबित हैं तो निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर समझौते के माध्यम से विवाद का निस्तारण कराएं। इससे अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया, समय और धन की बचत होगी।
विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिकाधिक बैंक वादों के निस्तारण को लेकर 19 नवंबर को सचिव ने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें लंबित ऋण वादों की पहचान कर ऋणधारकों से संपर्क स्थापित करने, लोक अदालत के लाभ बताने और समझौते के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।