नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, तार हटाने की मांग
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां की ग्राम पंचायत बन्नी के राजस्व गांव पैड़ी में दलित बस्ती के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन ग्रामीणों के लिए जानलेवा बनी है। इसको लेकर लोगों ने गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं।
ग्रामीणों द्वारा बिजली मंत्री को शिकायती पत्र लिखा है। सुमन, अनीता, ऊषा देवी, बबिता, संगीता, रेखा, सरिता, सुशीला, सुंदरी, संजना आदि ने बताया कि बिजली उपकेंद्र करमाखान के अंतर्गत पैड़ी गांव में बिजली आपूर्ति की जाती है। गांव की दलित बस्ती के बीच से गुजर रही लाइन करीब 5 से 6 फीट की ऊंचाई तक झूल रही है। इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाइन के नीचे से गुजरने वाले लोगों और बच्चों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार इस मामले में 34 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड मेंहदावल सहित अन्य अधिकारियों को भेजा गया था। इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने पत्र में वर्ष 2024 की एक घटना का भी उल्लेख किया है, जिसमें हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया था और एक किशोरी भी हादसे का शिकार हुई थी। इसके बावजूद बिजली निगम द्वारा समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तारों को तत्काल हटाकर गांव के बाहर स्थानांतरित किया जाए, जिससे संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली निगम और अधिकारियों की होगी।
000000
यह एचटी लाइन पहले से है। बाद में यहां लोगों ने घर बना लिए हैं। गांव में बिजली ट्रांसफाॅर्मर लगाकर एचटी लाइन को बाहर से करने का प्रस्ताव पास है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
-इंद्रेश कुमार गुप्ता, अवर अभियंता, बिजली उपकेंद्र करमाखान