सिसवा बाजार। क्षेत्र के बरवा दिगंबर गांव में तेज पछुआ हवा के चलते बांस की टहनियों के टकराने से 33000 केवीए मेन लाइन का तार टूट कर गिर गया। इसके कारण सोमवार को करीब सात घंटे तक सिसवा नगर के साथ ही करीब 200 गांवों की बिजली सप्लाई ठप रही।
फाल्ट ठीक होने के बाद अपराह्न तीन बजे से बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान लोग काफी परेशान रहे। सोमवार को प्रातः लगभग 8:30 बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और अपराह्न तीन बजे बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हुई। इस दौरान नगर व क्षेत्र के उपभोक्ता गर्मी के कारण काफी परेशान रहे।
कस्बे के अरुण, फिरोज, दिनेश संजय, आलोक ने बताया कि बिजली गुल होने से तमाम घरों में पानी का भी संकट खड़ा हो गया। साथ ही जो भी कार्य बिजली से होने थे, सभी ठप हो गए। सिसवा उपखंड के अधिशासी अभियंता सुजीत चौरसिया ने बताया कि बरवां दिगंबर में 33000 केवीए का तार बांस की वजह से टूटकर गिर गया था, उसे ठीक कर लिया गया है। तीन बजे तक आपूर्ति बहाल हो गई है।