महराजगंज। एकमुश्त समाधान योजना पिछले दो महीने से चल रही है। इसमें बकाया बिल पर उपभोक्ताओं को छूट दिया जा रहा है। पर, विभाग के लगातार प्रयास के बाद भी बकाया जमा नहीं हो पा रहा है। करीब 1.38 लाख उपभोक्ताओं पर 2.85 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के करीब एक लाख 38 हजार उपभोक्ताओं पर कुल 2.85 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसमें भी 85 हजार ऐसे उपभोक्ता है जिन पर 10 हजार से अधिक का बिजली बिल बकाया चल रहा है। अगर 16 जनवरी तक यह बिजली बिल जमा नहीं करते है, तो बिजली विद्युत निगम की ओर से आरसी जारी करने व विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई होगी।
विद्युत वितरण खंड प्रथम से मिली जानकारी के अनुसार में कुल 1.58 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति विभाग की ओर से की जाती है। इसमें से 1.38 लाख उपभोक्ताओं पर 285 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया चल रहा है। इसमें भी 85 हजार ऐसे उपभोक्ता है जिनका बिजली बिल 10 हजार से अधिक है। विभाग की ओर से आठ नवंबर से एक मुश्त समाधान योजना के तहत बिजली बिल के सरचार्ज में छूट का प्राविधान शुरू किया गया। लेकिन अब तक योजना के तहत 29 हजार उपभोक्ताओं के द्वारा 29 करोड़ रुपये ही जमा किए गए है। अब यह योजना केवल 16 जनवरी तक ही चलेगी। इसके बाद विद्युत निगम की ओर से विद्युत विच्छेदन व आरसी जारी करने कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने कहा कि योजना में अधिक से अधिक बिजली उपभोक्ता लाभ लें। वितरण खंड प्रथम की ओर से प्रत्येक उपखंड में काउंटर लगाया गया है। इससे बिजली उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। जिन उपभोक्ताओं को बिजली बिल बकाया है। वह समय से जमा करें। योजना का संचालन बंद होने के बाद आरसी जारी कर, कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जरूरी निर्देश उच्चाधिकारियों द्वारा मिल चुका हैं।