नौतनवा। थाना क्षेत्र के गांव चकदह टोला शाहपुर में गत शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव चकदह टोला शाहपुर निवासी सोहराती (60) अपने घर के सामने पैदल ही सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।