ठूठीबारी। हनुमान मंदिर के पास नेपाली नंबर प्लेट लगे बुलेट की चपेट में आने से सड़क किनारे टहल रही एक वृद्धा घायल हो गई। चालक से इलाज कराने की बात को लेकर परिजन ने बुलेट को कब्जे में लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल वृद्धा को इलाज के लिए भेज बुलेट साथ लेकर चली गई।
ठूठीबारी निवासी मदीना (62) सोमवार रात करीब 10 बजे खाना खाकर हनुमान मंदिर के समीप मेन कोतवाली रोड पर टहल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह एक बुलेट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह देख राहगीरों व आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन बाइक सवार युवक से इलाज कराने की बात को लेकर हंगामा करने लगे। इस दौरान कस्बे के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।