क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी और बेलगाम रफ्तार बनी चिंता का सबब
मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र में पतरेंगवा गांव के सुकऊ टोला के पास रविवार को बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बाइक चालक मौके से भाग लेकिन पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, पतरेंगवा गांव निवासी भुअरी देवी (70) रविवार सुबह करीब 10 बजे पैदल कंचनपुर चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कंचनपुर की तरफ से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्धा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वृद्धा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका अपने सबसे छोटे पुत्र दीनानाथ यादव के साथ रहती थीं। वृद्धा के चार पुत्र नाथू यादव, अमर यादव, प्रभुनाथ यादव और दीनानाथ यादव हैं। एसओ सिंदुरिया विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर रामाज्ञा यादव, मोहन लाल, भीम, सुरेश समेत ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कंचनपुर-पतरेंगवा मार्ग सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर वहां गति नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने प्रियजन को न खोना।