परतावल। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बरवा खास गांव में शुक्रवार रात घरेलू विवाद के दौरान 85 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद उनका पोता उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरवा खास निवासी चंद्रिका सिंह (85) पुत्र रामदवन सिंह के परिवार में बड़े बेटे का लड़का खाना नहीं खा रहा था। इसी बात को लेकर उसकी सौतेली मां बच्चे को डांट-फटकार रही थी। इस दौरान चंद्रिका सिंह ने अपने पोते का पक्ष लेते हुए बहू से कुछ कह दिया। परिजनों के अनुसार इससे नाराज बहू ने उन्हें भला-बुरा कह दिया, जिससे बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी सांस रुक गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल लेकर पहुंचे। उनके पोते राज ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।