महराजगंज। हृदय से जुड़ी बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को अब जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज या निजी अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ईसीजी जांच की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को आसानी होगी और उन्हें लंबे समय तक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, अब तक ईसीजी जांच के लिए मरीजों को जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था। इससे न केवल मरीजों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था, बल्कि उन्हें लंबी कतारों में भी लगना पड़ता था। कई बार दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। इससे उनकी दिक्कतें बढ़ जाती थीं, लेकिन अब यह सुविधा जिले के सभी 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगी।
इससे मरीजों को राहत मिलेगी। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि जिले के सभी सीएचसी में ईसीजी जांच की सुविधा जल्द उपलब्ध होगी। इस सुविधा से जिले के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा। संवाद