मिठौरा। शारदीय नवरात्र के नवमी के दिन गली-गली में दुर्गा समितियों ने भव्य देवी प्रतिमाओं की स्थापना की है। वहीं माता के जयकारों से समूचा वातावरण गुंजायमान हो गया है। घट स्थापना के साथ दुर्गा मंदिरों व देवी पांडालों में शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना की गई। देेव मंदिरों में जल अर्पण के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए। देवी दुर्गा सहित भगवान गणेश, कार्तिकेय,देवी लक्ष्मी आदि देवी देवताओं के पट खुल जाने के बाद भक्त गणों ने दर्शन करना शुरू कर दिया।
मिठौरा, बरोहिया, मोहनापुर, नरायनपुर आदि स्थानों पर देवी दुर्गा की विशाल मूर्तिया स्थापित की गई है। वहीं सिंदुरिया स्थित पंचमुखी चौराहे पर सिसवा मार्ग,शिकारपुर मार्ग,निचलौल मार्ग,झनझनपुर मार्ग पर देवी दुर्गा की मूर्तियां स्थापित की गई हैं।पंडालों को बेहतर ढंग से सजाया गया है। बैंक रोड सिंदुरिया पर दुर्गा पूजा युवा सेवा समिति की देवी दुर्गा,देवी लक्ष्मी, भगवान गणेश, कार्तिकेय आदि देवी देवताओं की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। निचलौल रोड पर स्थित वागेश्वरी देवी दुर्गा मंदिर सजाया गया है। दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुजनों का तांता लगा है।