सिसवा बाजार। नगर में तथा क्षेत्र में स्थापित लगभग 45 प्रतिमाओं को शुक्रवार को देर शाम ग्राम सभा बीजापार स्थित खेखड़ा नाले में विसर्जित किया गया। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा महोत्सव के समापन पर प्रतिमाओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली, रथ व पालकी के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण कराया गया। मां की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए नगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मुस्तैद रहा।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे नगर और आसपास के क्षेत्र में स्थापित लगभग 45 दुर्गा प्रतिमाएं परंपरागत तरीके से इस्टेट परिसर में पहुंचाई गईं। वहां इस्टेट परिवार द्वारा पूजा-अर्चना के बाद दुर्गा प्रतिमाओं को पुलिस प्रशासन ने पहले से वितरित नंबरों के आधार पर आगे बढ़ाया। सबसे आगे महाबीरी अखाड़ा श्री रामजानकी मंदिर, काली मंदिर, श्री सायर देवी मंदिर, श्री हट्ठी माता मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्री भुअरी माता मंदिर, लोकायन दुर्गा पूजा समिति, श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति दूरभाष केंद्र रोड, रेलवे स्टेशन, प्रेम चित्र मंदिर रोड, नौका टोला, शिव शक्ति अखाड़ा प्राइमरी पाठशाला इस्टेट चौक, संस्कृत पाठशाला, जायसवाल नगर, कोठीभार, सिसवा खुर्द सहित ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गा प्रतिमाओं को नगर के प्रमुख मार्गों से नगर भ्रमण कराते हुए देर शाम खेखड़ा नाले में विसर्जन किया गया।
इसमें मुख्य रूप से लोकायन दुर्गा पूजा समिति, बनारसी कटरा व रोडवेज बस स्टैंड की प्रतिमाओं को समिति के लोग व नगर की महिलाओं ने विदाई गीत ... कइसे करीं हम बिदाई व कइसे बिदाई करीं हम अचरा के छोड़ के... गीतों के साथ नम आंखों से पालकी व रथ पर सवार प्रतिमाओं को कंधे पर नगर भ्रमण कराया। इस दौरान अपने छतों पर खड़े और दूर-दराज से आए श्रद्धालुआें की आंखें नम हो गईं।
विसर्जन के दौरान महिलाओं द्वारा खींची जा रही माता की पालकी और रथ यात्रा आकर्षण का केंद्र रहीं। इसमें नगर की महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जुलूस में समितियों की तरफ से अखाड़ों में कलाकारों ने अपने करतब व कला का प्रदर्शन दिखाया। वहीं महाबीरी अखाड़ा रामजानकी मंदिर, श्री हट्ठी माता स्थान, श्री आदि शक्ति भुअरी माता स्थान व बजरंग दल अखाड़ा सिसवा खुर्द के समिति के कलाकार अपने हाथों में तिरंगा झंडा लहराते रहे थे। युवाओं ने उड़ी में शहीद वीर जवानों को नमन करते हुए लोगों में देश भक्ति के जज्बे को जागरूक किया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी आरपी कश्यप, एएसपी हरिगोविंद, उपजिलाधिकारी निचलौल ज्ञानेश्वर प्रसाद, क्षेत्राधिकारी निचलौल सुरेंद्र नाथ तिवारी, थानाध्यक्ष कोठीभार आनंद कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी सतीश सिंह सहित 9 एसओ, 14 एसआई, 15 हेडकांस्टेबल, 100 आरक्षी, 1 प्लाटून पीएसी, 1 प्लाटून क्यूआरटी व फायर सर्विस के जवान मौजूद रहे।