निचलौल। लगातार बारिश के बाद सब्जियों की आवक घटने से बाजार में इनके दाम तेजी से बढ़ गए हैं। टमाटर 40 और प्याज 55 रुपये किलो बिक रहा है। हरा धनिया भी महंगा हो गया है।
पहले 30 रुपये में 250 ग्राम मिलने वाला धनिया अब उतनी ही कीमत में महज 100 ग्राम मिल रहा है। गोभी, भिंडी, करैली और शिमला मिर्च समेत ज्यादातर सब्जियों के भाव बढ़ने से लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। फिलहाल लौकी ही कुछ राहत दे रही है।
सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक, बारिश के कारण बाहर से आने वाली सब्जियों की गाड़ियां कम हो गई हैं। मंडी में आवक घटने से थोक भाव बढ़े हैं, जिसका असर खुदरा बाजार पर भी पड़ रहा है। कुछ दिन पहले 20 से 25 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 40 रुपये किलो तक पहुंच गया है।