पूर्व में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करते थे आरोपी, तीन माह से कर रहे थे तस्करी
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, तीनों गोरखपुर जनपद के निवासी
महराजगंज। बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय तस्करों को एक करोड़ की नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। मामले का पर्दाफाश बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में किया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी गोरखपुर जनपद के निवासी हैं।
श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों की जांच में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारी मात्रा में नशीली दवाइयों की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्यामदेउरवां स्टेडियम के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामसमुश निवासी खरोहवा थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधियारीबाग उत्तरी थाना गोरखनाथ गोरखपुर और संदीप कुमार निवासी डोहरिया थाना तिवारीपुर गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी शिक्षित हैं और पूर्व में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले तीन माह से नशीली दवाइयों की तस्करी में संलिप्त थे और किराए की गाड़ियों का इस्तेमाल कर दवाइयों की सप्लाई करते थे।
ये हुई बरामदगी
बरामदगी दवाओं में 26 पैकेट में कुल 6240 ट्रैमालैब कैप्सूल, 73 पैकेट एलजोमैक टैबलेट, 43800 टैबलेट और अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स में 3750 टैबलेट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन दवाइयों का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है और इनकी अवैध मांग काफी अधिक है।
वर्जन
किसी भी हाल में तस्करी नहीं होने दी जाएगी। तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भारी मात्रा में नशे की दवाओं के साथ तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध थाना श्यामदेउरवां में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उनके नेटवर्क की जांच-पड़ताल की जा रही है।
-शक्ति मोहन अवस्थी, एसपी