आरोपियों के पास से 34 विभिन्न कंपनियों के एटीएम कार्ड बरामद
चार महीनों से सक्रिय थे आरोपी, भोले-भाले लोगों को शिकार बनाते थे अभियुक्त
महराजगंज। बृहस्पतिवार को पुलिस को अंतरजनपदीय एटीएम कार्ड चोरी एवं साइबर ठगी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से श्यामदेउरवा पुलिस ने 45 हजार रुपये नकद, 34 विभिन्न कंपनियों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। दोनों आरोपी गोरखपुर के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों को ग्राम पिपरपाती से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार पासवान और संदीप पासवान निवासी मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अभियुक्त महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर जनपदों में एटीएम कार्ड चोरी करते थे और भोले-भाले लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसा निकाल लेते थे। गिरोह के सदस्य पहले एटीएम केंद्रों की रेकी करते थे और फिर मौका पाकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि संदेह से बचने के लिए आरोपी घूम-घूमकर सामान बेचने का काम करते थे। दोनों मोबाइल फोन का बहुत कम इस्तेमाल करते थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की ओर से त्रिनेत्र एवं यक्ष एप की मदद से अपराधियों की पहचान की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि गिरोह पिछले चार महीनों से सक्रिय था और बीते दो महीनों में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।