चौक बाजार। विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौलिया में विद्यालय सहित गांव के कई हैंडपंप वर्षों से खराब पड़े होने की शिकायत पर मंगलवार को जांच टीम गांव पहुंची। जांच के दौरान टीम को कई हैंडपंप खराब अवस्था में मिले। हैंडपंपों की खराबी के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गांव निवासी दुर्गेश भारती ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में लगा हैंडपंप सहित कई हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। इस वजह से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। शिकायत के बाद मंगलवार को जांच टीम गांव पहुंची और हैंडपंपों की स्थिति का निरीक्षण किया तो शिकायत सही पाई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि गांव में पेयजल संकट से लोगों को राहत मिल सके।