महराजगंज। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को जिले में कई जगहों पर मनाया गया। इस दौरान लोगों ने संविधान की रक्षा, सामाजिक समरसता और बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पंचायत चौक स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में ‘सामाजिक समरसता दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया। नगर अध्यक्ष एवं सभासद हरिकेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन चंद्रजीत भारती रहे। जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि आज भाजपा सरकार संविधान को बदलने पर आमादा है।
ऐसे में बाबा साहेब के बनाए संविधान की रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है। कार्यक्रम में सभासद हरिलाल राही, राकेश कुमार भारती, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम नारायण प्रसाद उपस्थित रहे।
समाजवादी पार्टी कार्यालय में भी बाबा साहेब की पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने बाबा साहेब को विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ, समाज सुधारक और दलित बौद्ध आंदोलन का प्रेरक बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने छुआछूत, सामाजिक भेदभाव के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया और श्रमिकों, किसानों एवं महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।
इसके अलावा चौक बाजार, फरेंदा में भी विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।