निर्वाचन संबंधी बैठक में जिलाधिकारी ने अफसरों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर लिया जाए। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक है कि हम अपने दायित्वों को लेकर अभी से गंभीर हो जाएं।
ये बातें सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार मेें आयोजित निर्वाचन संबंधी बैठक में जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि एसडीम, तहसीलदार व खंड विकास अधिकारी तैयारी संबंधी अवशेष कार्यों को अधीनस्थों के माध्यम से शीघ्र कराया जाना सुनिश्चित करें। बूथों के रूट चार्ट, बूथों के स्थलीय सत्यापन, बूथों की संख्या, आधारभूत व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले कार्यों को तीव्रता के आधार पर पूरा कराया जाए। मतदान पार्टियों के रवानगी स्थल, मतगणना केंद्रों आदि को समय रहते चिह्नित किया जाना सुनिश्चित कर लिया जाए। यदि कहीं से भी कोई समस्या उत्पन्न हो तो उसे लेकर जानकारी दी जाए। इस दौरान सीडीओ पवन अग्रवाल, डीएफओ पुष्प कुमार कांधला, अपर जिलाधिकारी कुंजबिहारी अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साई तेजा सीलम, अपर एसडीएम अविनाश कुमार आदि मौजूद रहे।