महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रबी सत्र में उर्वरक उपलब्धता और वितरण की तैयारियों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने खरीफ सीजन में आच्छादन की प्रगति व फसलों की वर्तमान दशा, खरीफ में उर्वरक वितरण के लक्ष्य उपलब्धता व वितरण की प्रगति। रबी सीजन में फसलों के लिए उर्वरक की मात्रा तथा उसके सापेक्ष वर्तमान में उर्वरकों की उपलब्धता सहित वितरण की तैयारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि रबी सत्र में कृषकों को उनकी जोत/ आवश्यकता के अनुसार निर्धारित मूल्य पर व बिना किसी टैगिंग के उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को उर्वरक भंडारण की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उर्वरक आपूर्ति को रैक प्वाइंट फरेंदा पर प्राप्त करने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आगे से जिले में ब्लॉकवार कृषि जोत के अनुपात में उर्वरक वितरण सुनिश्चित करें जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी सत्र में व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारु तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के लिए समस्त तैयारियों को पूर्ण कर लें। उन्होंने होलसेल और फुटकर विक्रेताओं को भी निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुसार उर्वरक बिक्री के दौरान न तो किसानों के आर्थिक शोषण का प्रयास हो और न उनके साथ किसी प्रकार की अभद्रता की जाए। यदि ऐसा होता है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, डीडीओ बीएन कन्नौजिया, उपनिदेशक कृषि संजीव कुमार, एसडीएम प्रेम प्रकाश पांडेय, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह उपस्थित रहे।