सोनौली बॉर्डर का निरीक्षण करते डीएम व एसपी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी कड़ी करने के निर्देश
डीएम व एसपी ने एसएसबी के अधिकारियों के साथ की बैठक
सोनौली (महराजगंज)। डीएम डॉ. उज्जवल कुमार और एसपी प्रदीप कुमार ने भारत-नेपाल सीमा सोनौली का दौरा कर एसएसबी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
डीएम ने सीमा पर भारत से नेपाल आने-जाने वालों की कोरोना जांच के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के जवान आपसी समन्वय से निगरानी कड़ी करें। तस्करी किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी। कोरोना वायरस से बचाव के प्रति सरकार गंभीर है। थर्मल स्क्रीनिंग से नेपाल से आने वाले भारतीय एवं नेपाली यात्रियों की जांच हो रही है। इस मौके पर एसडीएम नौतनवां प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान, चौकी प्रभारी अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
कोरोना जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
सोनौली। भारत नेपाल सीमा सोनौली सीमा पर अब नेपाल से आने वाले भारतीय नागरिक एवं संदेह होने पर नेपाली नागरिकों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें भारत में प्रवेश मिलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की टीम सीमा पर लगी है। शनिवार की सुबह से पांच चिकित्सकों की टीम सीमा पर पहुंची। डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर तक 18 लोगों के नमूनों की जांच की गई। सभी लोग निगेटिव मिले। उन्होंने बताया कि नेपाल से आने वाले लोगों का टेस्ट किया जा रहा। बुखार या अन्य कोई समस्या दिखने पर भी टेस्ट होगा। उसके बाद आगे जाने की अनुमति मिलेगी। संवाद