ग्राम धरमौली, ब्लॉक मिठौरा में मनरेगा कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा।
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मिठौरा के ग्राम पंचायत धरमौली में वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर सूचना प्रदर्शक बोर्ड (सीआईबी) न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सीआईबी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सभा की अवशेष भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। निरीक्षण के समय कार्य स्थल पर नौ श्रमिक कार्यरत मिले। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र के मुख्य कक्ष, रसोईघर सहित अन्य संरचनाओं को देखा, सृजित मानव दिवस और निर्माण लागत की जानकारी प्राप्त की। तकनीकी सहायक द्वारा अवगत कराया गया कि अब तक कुल 394 मानव दिवस सृजित किए गए हैं। निर्माण कार्य की कुल लागत लगभग 12 लाख रुपये है। इसमें से लगभग आठ लाख रुपये मनरेगा मद से, दो लाख रुपये राज्य वित्त से व दो लाख रुपये बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने चकनाली खुदाई कार्य का निरीक्षण किया। तकनीकी सहायक ने बताया कि इस कार्य की लागत लगभग 42 हजार रुपये है। जिलाधिकारी ने उपायुक्त मनरेगा को कार्य के इस्टीमेट की जांच कराने के निर्देश दिए। चकनाली निर्माण स्थल पर भी सीआईबी न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मनरेगा कार्य स्थलों पर अनिवार्य रूप से सीआईबी लगाया जाए। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया।