महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बैठक हुई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जरूरी सुझाव दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने फॉर्म–छह (नया नाम जोड़ने), फॉर्म–सात (नाम विलोपन) एवं फॉर्म–आठ (संशोधन) की प्राप्ति एवं निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 अक्तूबर से अब तक कुल 43,755 फॉर्म–छह प्राप्त हुए हैं, इनमें 238 ऑफलाइन और 43,517 ऑनलाइन हैं। इसी प्रकार कुल 1,482 फॉर्म–सात भरे गए हैं, इनमें मात्र एक ऑनलाइन है। फॉर्म–आठ की कुल संख्या 10,975 है, इनमें 135 ऑफलाइन और 10,840 ऑनलाइन भरे गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन आवेदनों की अधिकता मतदाताओं के बढ़ते डिजिटल रुझान को दर्शाती है, यह एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई, दावे एवं आपत्तियों के परीक्षण व निस्तारण की निर्धारित समय सीमा को बिंदुवार स्पष्ट किया। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी आवेदन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
जिलाधिकारी ने 31 जनवरी एवं 05 फरवरी को आयोजित होने वाले विशेष अभियान की जानकारी देते हुए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इन तिथियों पर बीएलओ एवं सुपरवाइज़र पूरे समय उपस्थित रहेंगे। साथ ही राजनीतिक दलों के बीएलए द्वारा फॉर्म–06, 07 एवं 08 के अपेक्षाकृत कम प्राप्त होने पर अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता नामावली में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी नंद प्रकाश मौर्य, सपा जिला सचिव शमशुल हुदा, बसपा उपाध्यक्ष तबाकर हुसैन, कांग्रेस जिला महासचिव अफजल अब्बासी, भाजपा नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, जिला महामंत्री गोविंद जायसवाल उपस्थित रहे।