महराजगंज। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सुनील कुमार नागर ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। सचिव ने बंदियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और यथोचित निदान के लिए अधीक्षक को तत्काल निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुकदमे की पैरवी के लिए अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ बंदी अधीक्षक के माध्यम से डीएलएसए को प्रार्थना पत्र भेज सकते हैं। निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बैरकों की साफ-सफाई का सूक्ष्म निरीक्षण करने पर बैरक स्वच्छ मिले। संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सतत सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश अधीक्षक को दिए गए। बंदियों से भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा के संबंध में जानकारी ली गई। कारागार चिकित्सक से अस्वस्थ बंदियों की स्थिति जानी और समुचित उपचार एवं दवाइयों की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया। सिद्धदोष बंदियों की लंबित जेल अपीलों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि उच्च न्यायालय में लंबित अपील वाले बंदी, जेल अधिकार मित्र या अधीक्षक के माध्यम से आवेदन भेजें।