महराजगंज। परिवहन विभाग में पिछले दो दिनों से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम ठप है। पोर्टल पर स्लॉट न खुलने के कारण ऐसा हो रहा है। शनिवार को सर्वर की गति काफी धीमी रही, लेकिन सोमवार से कार्य पूरी तरह बंद हो गया। इसके कारण नए आवेदकों को परेशानी तो है ही, वहीं पहले से स्लॉट बुक कराने के बाद पहुंच रहे आवेदकों को भी लौटना पड़ रहा है।
एआरटीओ कार्यालय में डीएल बनाने की प्रक्रिया की जाती है। आवेदन करने वालों को स्लाॅट बुकिंग के बाद निर्धारित तारीख और समय पहुंचकर टेस्ट देकर प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए घर से ही ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करानी पड़ती है, लेकिन स्थायी डीएल बनवाने के लिए ऑनलाइन स्लाॅट बुकिंग के बाद मिली तारीख पर परिवहन विभाग के कार्यालय पहुंचकर फोटो खिंचवाना अनिवार्य है। दो दिसंबर से स्लॉट काम नहीं कर रहा है। ऐसे में स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं। वहीं जिनके स्लाॅट बुक हो चुके हैं सर्वर न चलने से उनकी ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
नवीनीकरण का काम भी दो दिन से ठप है। जिले में रोजाना करीब 100 परमानेंट लाइसेंस बनने के साथ-साथ पुराने डीएल के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाती है, लेकिन सोमवार से स्लॉट न खुलने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। फोटो खींचने के साथ ही अप्रूवल का काम भी ठप पड़ा है।
मंगलवार को अजीत कुमार, नीरज चौधरी, विकास एआरटीओ कार्यालय से लौटते मिले तीनों की परीक्षा का स्लाट बुक था, लेकिन सर्वर की समस्या से एक घंटा इंतजार करने के बाद तीनों को लौटना पड़ा। इसी प्रकार की समस्या नवीनीकरण कराने के लिए पहुंचे लोगों को भी झेलनी पड़ी। सर्वर की समस्या होने के चलते उन्हें भी इंतजार के बाद बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा।