महराजगंज। दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति तक पहुंच गया है। पटाखों से निकले धुएं से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़ गया है। बुधवार को एक्यूआई 170 पार होने के कारण सुबह-शाम आसमान में धुंध छाई रही। प्रदूषण स्तर बढ़ने के कारण पहले से सांस की परेशानी से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष एक्यूआई औसतन 110 के ऊपर ही रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। दीपावली पर्व करीब आते ही एक्यूआई के स्तर में उछाल आया है। धनतेरस पर एक्यूआई का स्तर 150 था। मौसम साफ होने की वजह से धुंध नहीं थी। विशेषज्ञों के अनुसार 100 तक एक्यूआई को सामान्य माना जाता है। इससे ऊपर ज्याें ही बढ़ता है तो संवेदनशील की श्रेणी में आ जाता है। दिवाली की रात रॉकेट, बम व अन्य पटाखों के कारण देर रात तक शोर सुनाई देता रहा। इस कारण देर रात लोग सो भी नहीं पाए।
जवाहर लाल नेहरू पीजी काॅलेज के भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि दिवाली की रात पटाखों से उत्पन्न हुए धुएं व प्रदूषण के कारण हवा दूषित हो गई। देर रात एक्यूआई 170 पार पहुंच गया। इसके बाद यह बुधवार सुबह करीब 10 बजे बाद तक 170 पर बना रहा। इसके बाद इसमें कुछ सुधार आया।