जिला कार्य समिति सदस्य धनंजय मणि निष्कासित
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में लिया गया निर्णय
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सदर के परिसर में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शिक्षक समस्याओं को दूर कराने को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्रतिबद्ध है। जीपीएफ का धन लाने को लेकर संगठन द्वारा प्रयास किया जा रहा है, संभावना है कि जल्द ही इस दिशा में सफलता प्राप्त होगी। ये बातें संगठन के जिलाध्यक्ष केशवमणि त्रिपाठी ने सोमवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय सदर परिसर में स्थित शिक्षक भवन पर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक में कहीं।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति, सत्यापन, शिक्षकों के वेतन बहाली, एनपीएस कटौती प्रान नंबर पर अंकित कराने तथा जीवन बीमा की कटौती को बंद कराने आदि को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षक संगठन के प्रति निष्ठावान रहकर कार्य करना सुनिश्चित करें। जिला मंत्री सत्येंद्र मिश्र ने कहा कि वर्ष 2020-21 की सदस्यता के लिए अध्यक्ष व मंत्री अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का कार्य करें। संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर जिला कार्यसमिति के सदस्य धनंजय मणि त्रिपाठी को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया, जबकि निचलौल के मंत्री तथा सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष व मंत्री को सम्मानित किया गया। इस दौरान संरक्षक वाचस्पति पाठक, राघवेंद्र पांडेय, हरीश शाही, अलाउद्दीन खां, मनौवर अली, धनप्रकाश त्रिपाठी, प्रद्युम्न सिंह, वीरेंद्र सिंह, सीताराम, अभय दुबे, अरविंद गुप्त, अखिलेश पाठक, अखिलेश मिश्र, दयानंद त्रिपाठी, दिनेश त्रिपाठी, राजेश यादव, शशिकला, शशिबाला शर्मा आदि मौजूद रहीं।