महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने दीपावली पर्व पर मंडी समिति फरेन्दा में संचालित पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अग्निशमन प्रणाली, साफ–सफाई एवं दुकानों की व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने एसडीएम, सीओ, तहसीलदार व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पटाखा बाजार में अग्निशमन यंत्र, बालू व पानी की व्यवस्था के अलावा पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आकस्मिक घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को प्रांगण में साफ–सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और स्प्रे टैंकर लगवाने के लिए कहा। उन्होंने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी फायर टेंडर लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने पटाखा व्यापारियों से फायर एक्सटिंगयूजर चलवाकर देखा और दुकानों के आस–पास ज्वलनशील पदार्थों जैसे सिगरेट, माचिस को दूर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।