महराजगंज। जिले के आबकारी विभाग के लिए एक अच्छी खबर है। शासन स्तर से जिला आबकारी अधिकारी व जनपद के चारों आबकारी निरीक्षकों को शीघ्र ही लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की ओर से संचालित देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर और भांग की दुकानों के संचालन, बिक्री विवरण और राजस्व संबंधी आंकड़ों का नियमित संधारण किया जाता है। अब तक अधिकांश कार्य कागजी अभिलेखों और मैनुअल रिपोर्टिंग के माध्यम से होता रहा है, जिससे समय अधिक लगता था। लैपटॉप उपलब्ध होने के बाद निरीक्षक सीधे डिजिटल माध्यम से डेटा संकलित कर सकेंगे और उसे उच्चाधिकारियों को ऑनलाइन प्रेषित कर सकेंगे। जिला आबकारी अधिकारी को भी निरीक्षण रिपोर्ट, लाइसेंस नवीनीकरण, राजस्व संग्रह और प्रवर्तन कार्रवाई से संबंधित सूचनाओं को व्यवस्थित रखने में सुविधा होगी। इससे विभागीय बैठकों और शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट तैयार करने में भी तेजी आएगी। निरीक्षक मौके पर जाकर जांच के दौरान आवश्यक विवरण तुरंत दर्ज कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी। जिले में आबकारी विभाग के अधीन संचालित दुकानों से हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।
शासन की मंशा है कि आबकारी विभाग के कार्यों को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए। इसके तहत ई-ऑफिस प्रणाली को भी मजबूत किया जा रहा है। लैपटॉप मिलने के बाद विभागीय पत्राचार, लाइसेंस संबंधी अभिलेख और प्रवर्तन कार्रवाई का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रखा जा सकेगा।
अतुल चंद्र द्विवेदी, जिला आबकारी अधिकारी