अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश, सीसीटीवी कैमरों से रखा जाएगा नजर
जनपद में कुल 330 ईदगाहों और 360 मस्जिदों में अदा की जाएगी नमाज
महराजगंज। शनिवार को ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए जनपद पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम कर लिए हैं। ईद को देखते हुए पूरे जिले को चार जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर दिया गया है। हर इलाके में पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
जनपद में कुल 330 ईदगाहों और 360 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। इन सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेटों व भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि थानों के नियमित फोर्स के अलावा 10 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 164 हेड कांस्टेबल, 27 महिला आरक्षी, दो प्लाटून पीएसी तथा 6 फायर टेंडर को ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही 137 मोबाइल टीमें सड़कों पर लगातार गश्त कर रही हैं। ये टीमें हर सूचना पर तुरंत पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेंगी।
नेपाल सीमा से सटे इलाकों और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अति संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट व पुलिस पिकेट तैनात किए गए हैं। दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अतिरिक्त बल भी तैयार है। प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों की मदद से ऊपर से निगरानी की जाएगी। बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स द्वारा एंटी-सबोटाज चेकिंग पूरी कर ली गई है। यूपी-112 वाहनों को प्रमुख मार्गों पर तैनात कर उनका रिस्पांस टाइम बेहतर रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस व अन्य विभागों की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। पूर्व विवादों में शामिल अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पूर्व से ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर भी सतर्क नजर रखी जा रही है। किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनपद स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। स्वास्थ्य विभाग, 108 एंबुलेंस और जिला अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और आमजन के साथ सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें, शांति के साथ ईद का त्योहार मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।