गेहूं बीज के अनुदान की धनराशि शीघ्र करें वितरित
- उप कृषि निदेशक कार्यालय में संयुक्त कृषि निदेशक ने विभागीय जिम्मेदारों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। रबी फसल में गेहूं बीज लेने वाले किसानों को अनुदान की धनराशि शीघ्र वितरित की जाए। किसान सम्मान निधि के जो पात्र योजना का लाभ पाने से वंचित हैं, उन्हें उसका लाभ दिलाने को लेकर पहल की जाए।
ये बातें उप कृषि निदेशक कार्यालय में बुधवार को आयोजित कृषि विभाग के जिम्मेदारों व कर्मियों की बैठक में संयुक्त कृषि निदेशक एचके उपाध्याय ने कही। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा संचालित व जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ किसानों को दिलाने पर जोर दिया जाए। ब्लॉक स्तर पर तैनात कृषि विभाग के कर्मचारी ग्राम स्तर पर किसानों को विभागीय योजना का लाभ प्राप्त करने केे लिए प्रेरित करें। उप कृषि निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि ब्लॉकों के जिम्मेदार शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करना सुनिश्चित करें। यदि समय रहते लक्ष्य व कार्यों को पूरा नहीं कराया गया तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार समेत अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।