ओडीओपी सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की गई
जिलाधिकारी ने बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उद्योग/व्यापार बंधु की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने बैंक शाखाओं में सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में लंबित आवेदनों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए समस्त शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी शाखाएं स्वरोजगारपरक योजनाओं में लंबित प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण कराएं। साथ ही सुनिश्चित करें कि बिना पुख्ता कारण के आवेदन निरस्त न हों। उन्होंने सभी बैंकों से निरस्त आवेदनों की सूची कारण सहित प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। कहा कि विभिन्न योजनाओं के आवेदकों के साथ बैंक उचित व्यवहार करे और अगर आवेदन को निरस्त करते हैं तो उसका उचित कारण अवश्य दें।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 1700 के लक्ष्य के सापेक्ष विभिन्न बैंकों द्वारा 1,244 आवेदन स्वीकृत कर 1,148 मामलों में ऋण वितरित किया जा चुका है। जबकि 492 स्वीकृति के लिए और 202 आवेदन वितरण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम युवा उद्यमी जैसी अहम योजना में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में वित्तीय वर्ष 2025–026 में भौतिक लक्ष्य 160 के सापेक्ष 167 आवेदन विभाग की ओर से बैंकों को प्रेषित किए जा चुके हैं। अलग–अलग बैंकों ने इनमें से 80 आवेदनों को स्वीकृत कर ऋण वितरित कर दिया है। ओडीओपी योजना के तहत 26 लक्ष्य के सापेक्ष 55 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। 27 आवेदनों को स्वीकृत कर 25 में ऋण का वितरण किया गया जा चुका है।
व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने जीएसटी पंजीयन बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित व्यापारियों से भी अनुरोध किया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जीएसटी पंजीयन करने के लिए प्रेरित करें। इससे उन्हें दुर्घटना की स्थिति में मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये का बीमा कवर भी प्राप्त होगा। बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों द्वारा अपनी समस्याओं को भी रखा गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, एलडीएम बीएन मिश्रा, उपायुक्त राज्यकर हरिशंकर प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, फूल चन्द अग्रवाल, प्रमोद जायसवाल आदि मौजूद रहे।