महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम से परियोजनाओं की जानकारी ली।
एक्सईएन ने बताया कि फेज–ll में जेएमसी की 341 परियोजनाएं हैं, जिनके तहत 446 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं। इसी प्रकार फेज–lll में कोया की 205 परियोजनाएं हैं, जिनसे 345 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं, जबकि रिथविक की 174 परियोजनाएं हैं और उनसे 302 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं।
जिलाधिकारी ने तीनों कार्यदायी संस्थाओं से ट्यूब वेल, ओएचटी, पंप हाउस निर्माण सहित अन्य बिंदुओं पर हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति में तेजी लाते हुए उन्हें पूर्ण करें।
उन्होंने रिथविक कोया की प्रगति पर कहा कि इसमें अपेक्षित सुधार न होने पर ब्लैक लिस्टिंग की जाएगी। जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं में अगले एक माह का लक्ष्य निर्धारित करते हुए तीनों एजेंसियों को लक्ष्य के अनुसार कार्य को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।