जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षके का साथ चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
खिचड़ी मेला में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आवश्यक सुधार के दिए निर्देश
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने नगर पंचायत चौक स्थित श्री गुरु गोरक्षनाथ मन्दिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिचड़ी मेला में विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास झूला स्थल पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। सीएचसी के पास विद्युत खंभों और तारों को सुरक्षित करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने विद्युत खंभों पर 08 फीट तक इंसुलेशन की व्यवस्था कराने व मेला अवधि के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मेला परिसर में फायर टैंक को मेला परिसर के पूर्वी हिस्से व पश्चिमी हिस्से में लगाने का निर्देश जिला अग्निशमन अधिकारी को दिया।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने मेला परिसर में तीन शिफ्ट में सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष शौचालयों की व्यवस्था कर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित का निर्देश दिया। उन्होंने पूरे मेला परिसर में पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम लगवाकर उसके माध्यम से आवश्यक सूचनाओं, दिशा-निर्देशों एवं आपातकालीन घोषणाओं के प्रसारण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में तहबाजारी और झूलों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मेला परिसर में समस्त मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा और कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य कैम्प लगाए, अस्थाई पुलिस चौकी, खोया–पाया केंद्र, जूता घर सहित पेयजल टैंकर आदि सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मेला निरीक्षण में अपर उप जिलाधिकारी प्रेमशंकर पाण्डेय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय यादव, डीपी आरओ, पंकज कुमार शाही सदर तहसीलदार, देशदीपक तिवारी उपस्थित रहे।