पुलिस लाइन में आयोजित गोष्ठी के दौरान
महराजगंज। पुलिस लाइंस सभागार में बुधवार को पुलिस उप महानिरीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
गोष्ठी के दौरान डीआईजी एस चनप्पा ने जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा में लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूट, हत्या, अवैध खनन, भूमि विवाद तथा गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और वांछित तथा इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
डीआईजी ने कहा कि प्रत्येक विवेचना निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरी होनी चाहिए, ताकि न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, बैंक, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों एवं विशेष कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना स्तर पर प्रभावी समन्वय, पीस कमेटी बैठकों के आयोजन और स्थानीय नागरिकों से बेहतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद में चलाए जा रहे अभियानों, अपराध एवं तस्करी नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की। गोष्ठी के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासित, संवेदनशील एवं जनहितकारी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।