फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: केजीबीवी मेंटरशिप के जरिए दूर होगी मुश्किल

Mon, 04 Aug 2025 01:15 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महाराजगंज
विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जनपद के कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं को अपनी समस्या बतानी हो या कॅरिअर के विषय में कोई सलाह लेनी हो या प्रशासन तक अपनी बात पहुंचानी हो। जिले की महिला अधिकारी इसमें उनकी मदद करेंगी।
विज्ञापन


जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विशेष पहल करते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बेहतर अवस्थापन सुविधा, छात्राओं के लिए बेहतर आवासीय व शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और उन्हें कॅरिअर तय करने में सहायता देने के लिए महिला अधिकारियों को मेंटर के रूप में तैनात किया है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में शुरू हुए केजीबीवी मेंटरशिप कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में महिला अधिकारियों को एक से दो कस्तूरबा विद्यालय आवंटित कर मैपिंग कराया गया है। केजीबीवी मेंटरशिप कार्यक्रम के अंतर्गत महिला अधिकारी छात्राओं से मेंटर के रूप में मिलेंगी और अपना अनुभव साझा करेंगी।
विज्ञापन

छात्राओं की विभिन्न समस्याओं पर समय-समय पर वार्ता करेंगी। वार्ता में न सिर्फ बच्चियों की आवश्यकताओं, विद्यालय में जरूरी सुविधाओं पर बात करेंगी, बल्कि बच्चियों के कॅरिअर व उनके भविष्य की योजनाओं को लेकर भी चर्चा करेंगी।
इन बच्चियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। साथ-साथ विद्यालय का भ्रमण करते हुए समस्त अवस्थापना सुविधाओं को देखकर, जो भी कमियां इंगित होती हैं उन पर अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही करेंगी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराएंगी ताकि कमियों को दूर किया जा सके।

मेंटरशिप कार्यक्रम के तहत सदर एवं निचलौल केजीबीवी में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने, घुघली पुरैना के जीबीवी में असिस्टेंट कमिश्नर राज्यकर प्रियंका श्रीवास्तव ने, जीजीआईसी प्रिंसिपल सुलेखा तिवारी ने केजीबीवी नौतनवा में, डॉ. प्रेरणा पाठक असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय महाराजगंज ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परतावल में एवं बीडीओ शमा सिंह ने केजीबीवी गडौरा निचलौल का निरीक्षण किया।
इन अधिकारियों की ओर से बच्चों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भी प्रतिभाग किया गया। महिला अधिकारियों की ओर से बच्चियों को कुछ विषयों पर पढ़ाया गया। इसके बाद महिला अधिकारियों ने छात्राओं की आवश्यकताओं और समस्याओं पर चर्चा की। महिला अधिकारियों ने कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षकों और वार्डेन से बच्चियों के बेहतर देखभाल और शिक्षण को लेकर चर्चा की।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पांडेय ने कहा कि जिलाधिकारी का निर्देश है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बच्चियों को बेहतर आवासीय व शैक्षणिक परिवेश उपलब्ध कराया जाए, जिससे बच्चियों का समग्र विकास हो और वे अपने सपनों को पूरा कर सकें।
उनके निर्देशानुसार मेंटरशिप कार्यक्रम को संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला अधिकारी बच्चियों की व्यक्तिगत समस्याओं, स्कूलों में बच्चियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, शैक्षणिक सारिणी, शैक्षणिक नवाचार आदि के संदर्भ में विस्तृत चर्चा करेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें