महराजगंज। बढ़ती सर्दी के कारण अलाव अथवा हीटर जलाकर लोग ठंड भगाने का जतन कर रहे हैं, लेकिन इससे शरीर के आसपास ऑक्सीजन कम होने के कारण सांस फूलने की दिक्कत बढ़ी है। दिक्कत उन्हें अधिक है जो अस्थमा अथवा दमा से पीड़ित हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों की अधिकता देखी गई। ओपीडी में 760 रोगियों का उपचार किया गया, जिसमें 11 सांस लोग इस समस्या से पीड़ित थे। जांच कराने के बाद दवा और बचाव की जानकारी दी गई।
जनवरी के दूसरे पखवाड़े में भी सर्दी के कारण विभिन्न रोगों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सांस के बढ़ते मरीजों को सलाह दी जा रही है कि बंद कमरे में अलाव न जलाएं। कमरे को हीटर से गर्म करने के बाद बंद करें और हीटर खुला न छोड़ें। इस दौरान खिड़की भी खुली रखें जिससे ऑक्सीजन की कमी न होने पाए। शारीरिक गतिविधियां कम होने के साथ ठंड में खानपान बढ़ जाता है। इसे देखते हुए चिकित्सक पौष्टिक, सुपाच्य भोजन सोने से कम से कम दो घंटे पहले करने की हिदायत दे रहे हैं। इससे पाचन सामान्य रहे।
सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि शरीर का तापमान सामान्य और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखें। सुबह उठने के बाद खुले वातावरण में जरूर थोड़ा समय बिताएं। सांस की समस्या वाले मरीज खानपान पर विशेष ध्यान दें। अलाव और हीटर बंद जगह पर प्रयुक्त करने से सांस की दिक्कत बढ़ सकती है इसलिए खुली जगह पर ही इनका प्रबंध रखें।