11 दिन में 20 दबिश, नतीजा शून्य
खाते खुलवाकर धान बेचने का मामला : एसपी बोले- कोर्ट के आदेश के बाद की जाएगी कुर्की
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। किसानों के नाम से खाते खुलवाकर धान बेचने और रकम हड़पने के मुख्य आरोपित शंभू को पुलिस 11 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में लगीं चार टीमें अब तक मुख्य आरोपित की तलाश में 20 स्थानों पर दबिश दे चुकी हैं। ऐसे में चर्चा है कि आखिर आरोपित का नेटवर्क पुलिस तेज है या फिर कोई अन्य कारण।
यह हाल उस पुलिस का है, जो पिछले कुछ समय से बड़ी तेजी से मामलों का पर्दाफाश कर रही थी। जल्द पुलिस आरोपित की संपत्ति कुर्क करने के लिए कोर्ट से अनुमति लेगी। अनुमति मिलने के बाद कुर्की की कार्रवाई होगी। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी पर ही इस पूरा केस टिका है। कहीं ऐसा तो नहीं की इस खेल में किसी बड़े ‘शख्स’ का हाथ हो। इस कारण पुलिस को गिरफ्तारी में देर लग रही है।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रकरण को लेकर गंभीरता बरती जा रही है। पुलिस की चार टीमें मुख्य आरोपित की तलाश में दबिश दे रही हैं। न्यायालय के आदेश के बाद कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी।