खुशहालनगर। छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं के लिए घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के दावे बाला क्षत्र घाट पर हवा-हवाई साबित हुए। यहां गंदगी और अव्यवस्थाओं के बीच महिलाओं को छठ पूजा करने के लिए मजबूर होना पड़ा। घाट की बदहाल स्थिति देखकर श्रद्धालुओं में नाराजगी रही।
छठ पूजा को लेकर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। महिलाएं पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देने घाट पहुंचीं लेकिन वहां फैली गंदगी ने उनकी परेशानी बढ़ा दी। श्रद्धालु सोनमती, रुक्मिणी और सत्यवती ने कहा कि आस्था के इस महापर्व पर कम से कम घाटों की सफाई और बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम होना चाहिए। प्रशासन को प्रमुख छठ घाटों की निगरानी भी करनी चाहिए।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि उन्हें घाट पर गंदगी की जानकारी नहीं थी। मामले की जांच कराई जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।