महावीर अखाड़ा के स्थापना दिवस पर हर वर्ष निकाली जाती है शोभायात्रा
शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रही बजरंग बली की झांकी
नौतनवा। महावीर अखाड़ा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार की शाम नगर में बजरंगबली की भव्य झांकी यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत किया।
आयोजक राजू पहलवान के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में युवाओं की टोली जय श्रीराम, जय-जय श्रीराम, बजरंग बली का जयकारा लगाते और ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते हुए चल रही थी। जिनके जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों पर राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, बजरंग बली समेत विभिन्न झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
वहीं युवाओं के हैरतअंगेज करतबों ने सभी को स्तब्ध कर दिया। नगर के अस्पताल तिराहा से निकली शोभायात्रा जायसवाल मोहल्ला, हनुमान चौक, पुरानी नौतनवा, स्टेशन चौराहा, घंटाघर, जयहिंद चौराहा, गांधी चौक, खनुआ तिराहा होते हुए बनैलिया मंदिर पहुंचकर समाप्त हो गई। यात्रा के दौरान व्यापक स्तर पर पुलिस मयफोर्स तैनात रही।