नौतनवा में स्टेशन चौराहा के पास लगा जाम।
नौतनवा। स्थानीय कस्बे में दिन के समय नो एंट्री होने के बाद भी कस्बे में धड़ल्ले से फर्राटा भर रहे मालवाहक ट्रकों की मनमानी के कारण नगर में आए दिन जाम की समस्या खड़ी हो रही है। वहीं संज्ञान के बावजूद जिम्मेदार ट्रक चालकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करने की बजाए मूकदर्शक बने हुए हैं। इस वजह से सोमवार को पूरे नगर में घंटों जाम की समस्या से लोग जूझते रहे।
आलम यह है कि व्यापारिक दृष्टि से नौतनवा अत्यंत ही महत्वपूर्ण कस्बा है। यहां आसपास के विभिन्न ग्रामीणों क्षेत्रों से लगाए नेपाल के भी खरीदार उमड़ते हैं। जिससे कस्बे में प्रतिदिन लाखों लोगों का आवागमन बना रहता है। आमजन को सहूलियत मुहैया कराने के उद्देश्य से दिन के समय कस्बे में ट्रकों के प्रवेश पर नो एंट्री का भी आदेश है। जिसका सख्ती से पालन कराने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस की ड्यूटी भी लगाई जाती है।
बावजूद इसके नेपाल को जाने व उधर से आने वाले तथा ट्रांसपोर्ट से जुड़े कई मालवाहक ट्रक छपवा, घंटाघर चौक, खनुआ तिराहा और गांधी चौक के रास्ते दिन में ही कस्बे में प्रवेश करते हैं। इससे पूरे नगर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। सोमवार की सुबह भी इसी मनमानी के कारण भीषण जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीर घंटों जाम के झाम से जूझते रहे। लोगों का कहना है कि सबकुछ संज्ञान में होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर अंजान बने रहते हैं।
सीओ बसंत सिंह का कहना है कि नो एंट्री के दौरान कोई ट्रक कस्बे में प्रवेश न करने पाए और जाम की समस्या न उत्पन्न हो इसके लिए पुलिसकर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाती है। यदि कर्तव्य निर्वहन में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है तो बैठक कर अंतिम चेतावनी दी जाएगी। सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।