महराजगंज। शुक्रवार को डिप्टी आरएमओ ने गेहूं की खरीद के लिए केंद्र प्रभारियों संग बैठक की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन किसानों ने केंद्र पर धान की बिक्री की है उनसे संपर्क कर गेहूं बिक्री के लिए प्रेरित करें। 117000 मिट्रिक टन खरीद का लक्ष्य जिले को मिला है, इसे हर हाल में पूर्ण करना है।
खरीद केंद्र प्रभारियों के साथ कार्यशाला में मौजूद डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने कहा कि धान की बिक्री इस बार जिले के 39 हजार सात सौ किसानों ने की। सभी को बिक्री का भुगतान दिया जा चुका है। अब हमें उन किसानों से दोबारा मिलकर उन्हें गेहूं की बिक्री के लिए प्रेरित करना है। सभी को पर्याप्त संख्या में खरीद के लिए बोरे दे दिए गए हैं। इस बार वाहन से बोरो की उतरवाई और छनाई का 20 रुपया प्रति क्विंटल विभाग अलग से किसानों के खाते में देगा।
2275 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं मूल्य तय है अगर किसान अपने वाहन अथवा किराए के वाहन से बिक्री के लिए केंद्र पर आते हैं तो 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त जोड़कर दिया जाएगा। इसके अलावा अगर किसी गांव में एक ट्रक खरीद का लक्ष्य पूरा होता है तो वहां मोबाइल वैन के रूप में ट्रक भेजकर अनाज लोड करा लिया जाएगा। इस बार खाद्य विभाग के 30, पीसीएफ 64, यूपीएसएस 15, पीसीयू 42, मंडी समिति चार, भारतीय खाद्य निगम सात, एनसीसीएफ छह व नैफेड के 18 खरीद केंद्र बने हैं। कुल 183 केंद्रों को मंजूरी दी गई है। समीक्षा में एसडीएम सदर, एआर कोआपरेटिव, जिला प्रबंधक पीसीएफ, मंडी समिति सहित अन्य विभागों के कर्मी मौजूद रहे।