महराजगंज। जिले की सभी आशा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करें, जिससे गृह आधारित नवजात शिशु की देखभाल करने के लिए समुचित जानकारी परिवार को मिल सके। यह बातें जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी सिंह ने शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं के पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन सीएमओ कार्यालय सभागार में कही। प्रशिक्षण में जिले के सभी विकास खंड से आशाएं दो बैच में शामिल हुईं। कुल 5200 आशाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। ट्रेनरों ने बताया कि नवजात शिशु के जन्म से 45 दिन तक आशा कार्यकर्ता घर जाकर नवजात शिशु और उसकी मां की देखरेख की निगरानी करें। डेमो भी करके दिखाया। उमेश शाही, सुनील वर्मा व ऋषभ ने आशा कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से बताया। बच्चे के शरीर का तापमान बदलना, आवाज में दिक्कत, आवाज और रोशनी करने पर बच्चे की गतिविधि, बच्चे के वजन आदि पर ध्यान रखें व उच्चाधिकारियों को सूचित करें। जिला अस्पताल सहित सीएचसी व पीएचसी में बच्चों का इलाज निशुल्क है। इस अवसर पर डॉ. वैभव, बीसीपीएम लवली वर्मा आदि मौजूद रहीं।